नई दिल्ली। पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर अपनी जान बचाई। हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें ट्रेन के कोच से आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता घना काला धुआं दिखाई दे रहा है।
पश्चिम बंगाल से पंजाब के बीच चलती है ट्रेन
कर्मभूमि एक्सप्रेस (12407) पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी से पंजाब के अमृतसर के बीच संचालित होती है। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार सुबह 8:25 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होकर अगले दिन गुरुवार शाम 5:35 बजे अमृतसर पहुंचती है। रास्ते में किशनगंज, कटिहार, गोरखपुर, मुरादाबाद, अंबाला कैंट और लुधियाना सहित प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव है।
वापसी में ट्रेन संख्या 12408 प्रत्येक शुक्रवार सुबह 9:25 बजे अमृतसर जंक्शन से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रवाना होती है। रास्ते में ब्यास, जालंधर सिटी और लुधियाना सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकती है। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होती है।
