जिला दंडाधिकारी ने जारी किया फटाखों के क्रय-विक्रय, परिवहन, भण्डारण को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश
जबलपुर। दीपावली के मौके पर सिर्फ दो घंटे ही पटाखे फोड़े जा सकेंगे। पटाखे फोड़ने के लिए रात 8 से 10 वजे तक का समय निर्धारित कर दिया है। 125 डेसिबल से अधिक तीव्र आवाज वाले पटाखों को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया है। केमिकल तथा अन्य खतरनाक किस्म के पटाखे पर पहले ही रोक लगाई है। इस तरह के पटाखों की खरीद बिक्री को गैर कानूनी माना जाएगा। ऑनलाइन तथा अन्य तरह के पटाखा व्यापार के लिए भी गाइडलाइन जारी की गई है।
विस्फोट स्थल से 4 मीटर की दूरी पर 125 डेसिबल से अधिक तीव्र आवाज वाले पटाखों पर पूरी तरह रोक लगाई है। बेरियम साल्ट, लेड, मरकरी, आर्सेनिक, एंटीमोनी, लिथियम या स्ट्रोन्टियम क्रोमेट जैसे जहरीले रसायनों से बने पटाखों तथा लगातार फूटने वाली पटाखा लड़ियों की बिक्री और उपयोग पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। पर्यावरण को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से अत्यधिक मात्रा में प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे को रोककर केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों का ही उपयोग और विक्रय किया जा सकता है। किसी भी ई-कॉमर्स वेबसाइट या निजी व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन माध्यम से पटाखों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है।
गौरतलब है कि जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा जारी दिशा.निर्देशों तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जबलपुर के क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा भेजी गई जिले की वायु गुणवत्ता रिपोर्ट को दृष्टिगत रखते हुये भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता.2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर जिले में ऐसे पटाखों के क्रय-विक्रय भण्डारण एवं परिवहन की गतिविधियों पर रोक लगा दी हैए जिनके निर्माण में बेरियम साल्ट का इस्तेमाल किया गया हो। प्रतिबंधात्मक आदेश तत्काल प्रभावी हो गया है और यह आगामी आदेश तक लागू रहेगा।