khabar abhi tak

सांदीपनि स्कूल में घोटाला:कागजों पर पौधे उगाकर निकाला गया सरकारी धन



जबलपुर। चरगवां स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक स्कूल में सरकारी बजट के भारी दुरुपयोग का मामला सामने आया है। अहमदपुरा निवासी दुर्गेश चढ़ार द्वारा सूचना का अधिकार के तहत जुटाए गए दस्तावेजों से फरवरी 2023 में शिकायत दर्ज हुई थी। तत्कालीन संयुक्त संचालक अरुण कुमार इंगले द्वारा कराई गई जांच दिसंबर 2024 में पूरी हुई, जिसमें सभी वित्तीय गबन सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के बाद कलेक्टर कार्यालय ने तत्कालीन प्राचार्य भगवान सिंह पटेल पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कमिश्नर दफ्तर को पत्र भेजा है। इस फर्जीवाड़े में सुरक्षा गार्ड दीपक लोधी, सतीश, आशीष नोरिया, नियमित कर्मी लीलाबाई बर्मन, भृत्य आशीष, अतुल और स्वीपर हीरालाल झारिया के नामों का इस्तेमाल हुआ। बच्चों को पेड़े की जगह लड्डू देकर बिरयानी, रसगुल्ला और पुलाव का फर्जी बिल बनाया गया।

​कागजों में तकनीकी काम दिखाकर सरकारी बजट हड़पा

​संस्था में दैनिक वेतनभोगी और चतुर्थ श्रेणी अमले को हुनरमंद बनाकर धन निकाला गया। हीरालाल झारिया के नाम पर रंगाई, पोताई, मिट्टी समतलीकरण, शौचालय निर्माण, नल कनेक्शन और पुष्प सज्जा के काम दर्ज किए गए। आशीष और अतुल के साथ मिलकर चबूतरे व पेड़ों की सफाई के लिए 3,600 रुपए, पाइप पोताई के 1,000 रुपए और कमरों की छपाई के 4,100 रुपए आहरित हुए। परिसर की झाड़ियां काटने के 1,500 रुपए तथा नलकूप से मोटर निकालने के 7,500 रुपए का भुगतान दिखाया गया। मोनू इलेक्ट्रिक के जरिए टेंट लगाने के 5 बार में 5,300 रुपए और जूते-चप्पल की रैक के 8,000 रुपए निकाले गए।

​कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी सरकारी रकम

​कार्यालय के प्रिंटर की स्याही स्थानीय स्तर पर न लेकर जयपुर से खरीदी दिखाई गई। गमलों में हरियाली, फूल और हैंडवॉश प्लेटफॉर्म जमीन पर मिले ही नहीं। संस्था की छत जर्जर और शौचालय के दरवाजे टूटे होने पर भी मरम्मत का झूठा हिसाब बना। सुरक्षा गार्ड दीपक लोधी के खाते में 1,05,258 रुपए और स्वीपर हीरालाल झारिया के खाते में 1,50,000 रुपए से अधिक भेजे गए। अन्य कर्मियों के खातों में भी अवैध लेनदेन कर पूरी रकम खुर्द-बुर्द की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak