जबलपुर। पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में दुर्गापुर-वारिया रेलखंड और आण्डल स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज से जुड़े निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित होगा। इस कार्य के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते पश्चिम मध्य रेल से संबंधित जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं में एक-एक फेरे निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
इन तारीखों में नहीं चलेगी शक्तिपुंज एक्सप्रेस
रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेन नंबर 11447 जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस 21 दिसंबर 2026 को जबलपुर से रवाना नहीं होगी। वहीं, ट्रेन नंबर 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस 23 दिसंबर 2026 को हावड़ा स्टेशन से निरस्त रहेगी।
यात्रा से पहले जरूर जांचें ट्रेन की स्थिति
रेल प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी रेलवे की अधिकृत सूचना प्रणाली या हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से प्राप्त कर लें, ताकि असुविधा से बचने के लिए यात्रा की योजना समय रहते बनाई जा सके।
