जबलपुर। जबलपुर के खितौला थानान्तर्गत ग्राम दरौली कला में मूक-बधिक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड में महिला ने साजिश रची और तीन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना-चांदी और अन्य सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों ने पहचान उजागर होने के डर से इस वारदात को अंजाम दिया था। इस आशय की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने कंट्रोल रुम में आयोजित पत्रवार्ता में दी है। 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्राम दरौली कला में रहने वाली महिला लक्ष्मीबाई उम्र 55 वर्ष जन्म से ही मूक-बधिर रही। महिला के साथ घर में उसका एक बेटा संजय राठौर साथ में रहता था। जो सुबह से काम पर चला जाता था। इस बात की जानकारी गांव में ही रहने वाली सरिता बर्मन को थी। जिसके सरिता बर्मन ने अपनी बहन के पति संदीप बर्मन निवासी बुहिया मोडग़्राम, कैमोर कटनी के साथ मिलकर लक्ष्मीबाई के घर में घुसकर लूट करने की साजिश रची जिसमें संदीप ने अपने दो साथियों को शामिल कर लिया। घटना के दिन जैसे ही लक्ष्मी बाई का बेटा संजय घर से काम के लिए निकल गया। इसके बाद योजना के तहत संदीप बर्मन ने बाहर मोटरसाइकिल पर पहरा दिया, जबकि उसके दो अन्य साथी संदीप बर्मन और सुनील बर्मन घर के अंदर घुस गए। जिन्होने लक्ष्मीबाई को धक्का देकर गिराया और मंगलसूत्र व चांदी की चेन लूट ली। लेकिन जब उन्हें इस बात का अंदेशा हुआ कि मूक-बधिर महिला भी उनकी पहचान उजागर कर सकती है, तो दोनों ने महिला को बांधा, मारपीट की, मुंह में कपड़ा ठूंसा और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से निकलकर भागे, जिन्हे गांव के ही एक युवक ने देखा कि दो युवक घर से निकल रहे है। जिसकी सूचना लक्ष्मी के बेटे संजय को दी, खबर मिलते ही संजय घर पहुंचा तो देखा कि मां लक्ष्मी बाई कमरे में फर्श पर चित अवस्था में पड़ी थीं। उनके हाथ-पैर रस्सी व कपड़ों से बंधे हुए थे, मुंह में पीला गमछा ठूसा हुआ था और कनपटी व गाल पर चोट के गहरे निशान थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में गले से सोने का मंगलसूत्र और घर में रखी चांदी की चेन गायब मिली। पुलिस ने मामले को गंभीर से लेते हुए जांच की तो यह तथ्य सामने आए,जिसपर पुलिस ने सभी आरोपियों को सरगर्मी से तलाश करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी-
संदीप पिता कमलेश्वर बर्मन, उम्र 20 वर्ष, निवासी- बुहिया मोडग़्राम, कैमोर, कटनी
-सुनील पिता दादूराम बर्मन, उम्र 27 वर्ष, निवासी- साहू मोहल्ला, कैमोर, कटनी
-संदीप पिता बिहारी बर्मन, उम्र 20 वर्ष, निवासी- साहू मोहल्ला, कैमोर, कटनी
-सरिता पतिमुक्केश उर्फ गेंकू बर्मन, उम्र 32 वर्ष, निवासी दरौलीकला, खितौला
पुलिस ने आरोपियों से बरामद किया लूटा माल-
पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से 5 नग एंड्रॉइड मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल एमपी 20 जेड 8110, लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट और चांदी की चेन बरामद की है।
मुख्य आरोपी है आदतन अपराधी-
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार आरोपी संदीप पिता बिहारी बर्मन) आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कैमोर और बाड़ीबांधक थानों में नकबजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे 5 गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। इस अंधे कत्ल का खुलासा करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने में खितौला और ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी सहित पूरी पुलिस टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही है।