जबलपुर। जबलपुर में महिलाओं से झपटमारी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। ताजा मामला जबलपुर-मंडला रोड स्थित नागाघाटी के पास का है, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। खींचतान में चेन तो बच गई, लेकिन उसमें लगा सोने का पेंडेंट बदमाश तोड़कर ले गए।
बरेला थाना प्रभारी के अनुसार, उदयपुर निवासी संगीता झारिया जबलपुर से मंडला जा रही थीं। शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच वह मंगलायतन यूनिवर्सिटी के सामने पहुंचीं, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आए। पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से चेन खींचने का प्रयास किया। इस दौरान चेन में लगा सोने का पेंडेंट टूटकर आरोपी के हाथ में आ गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी शारदा मंदिर की ओर से जबलपुर शहर की तरफ फरार हो गए।
नवरात्रि में भी हुई थी झपटमारी
पुलिस के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान बरेला बाजार में दर्शन के लिए जा रही एक महिला के साथ भी इसी तरह की झपटमारी हुई थी। उस मामले में भी बदमाश पेंडेंट ले गए थे। पुलिस के पास घटना की सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें संदिग्धों की तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस दोनों घटनाओं के संदर्भ में जांच कर रही है।
