khabar abhi tak

एमपी : 15 सालों से फर्जी एमबीबीएस डिग्री से सरकारी अस्पताल में इलाज कर रहा था, अब हुई एफआईआर

बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक ही नाम की डिग्री पर दो डाक्टरों द्वारा नौकरी का मामला सामने आने के बाद फर्जी मुन्नाभाई एमबीबीएस पर एफआईआर हुई है. ये मामला बालाघाट जिले के बिरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से सामने आया है, जहां तत्कालीन बीएमओ के खिलाफ बिरसा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. 

उल्लेखनीय है कि यहां पदस्थ बीएमओ सुनील कुमार सिंह किसी अन्य व्यक्ति के नाम की डिग्री का इस्तेमाल करते हुए फर्जी तरीके से एमबीबीएस बनकर बीते पन्द्रह सालों से डाक्टर बन बैठा था और सरकारी नौकरी हथिया कर फर्जी तरीके से लोगों का इलाज भी कर रहा था. लेकिन फर्जीवाड़े का आखिरकार पर्दाफाश हो गया और तत्कालीन बिरसा के ब्लाक मेडिकल आफिसर रहे सुनील कुमार सिंह पर कानूनी शिकंजा कस गया.

एमबीबीएस की एक ही डिग्री, पर दो अलग अलग डाक्टर

तत्कालीन बिरसा के बीएमओ सुनील कुमार सिंह की डिग्री को लेकर विगत दिनों से जांच चल रही थी. जांच में खुलासा हुआ कि एक ही एमबीबीएस की डिग्री नंबर पर दो अलग अलग डाक्टर पिछले पन्द्रह सालों से सरकारी सेवा में कार्यरत हैं. डाक्टर सुनील कुमार सिंह ने 2008 में संविदा डाक्टर के रूप में शुरूआत की थी और 2012 से बिरसा में खण्ड चिकित्सा अधिकारी के रूप में पदस्थ रहे.

फर्जी बीएमओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज

हालांकि, बिरसा के तत्कालीन बीएमओं सुनील कुमार सिंह की डिग्री को लेकर पूर्व में भी कई शिकायतें हुईं, लेकिन बार बार वह जांच से बच निकलने में सफल रहते थे, किन्तु अबकी बार गहनता के साथ जांच की गई, जिसमें उसके द्वारा किये गए कारनामें उजागर हो गए और आखिरकार कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शासकीय सेवा हासिल करने वाले फर्जी बीएमओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. फर्जी डाक्टर सुनील कुमार सिंह के खिलाफ जिले के बिरसा थाने में प्रकरण क्रमांक 258/26 बीएनएस की धारा 318(4), 340(2),336(3) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.

विजय केन, बिरसा थाना प्रभारी द्वारा बताया गया कि बिरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तत्कालीन बीएमओ सुनील कुमार सिंह के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है. कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शासकीय सेवा का अनुचित लाभ अभिलेखों के परीक्षण के दौरान पाया गया, इसी आधार पर बिरसा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. फर्जी बीएमओ सनील कुमार सिंह द्वारा सुनील कुमार चिकित्सा अधिकारी पीजीएमओ जिला देवास के नाम से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बीते पन्द्रह सालों से शासकीय सेवा का लाभ लिया जा रहा था, जांच के दौरान प्राप्त अभिलेखों के परिक्षण के दौरान बिरसा बीएमओ की दस्तावेज फर्जी पाए गए और बिरसा पुलिस द्वारा विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. इधर फर्जी बीएमओ को बीते पन्द्रह साल से संरक्षण देने वाले सीएमएचओ की जांच की भी उम्मीद की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि बिना सत्यापन के इतने सालों तक यह फर्जीवाड़ा आखिर कैसे चलता रहा.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak