जबलपुर। देशभर में 1 नवंबर 2026 से मोबाइल कॉलिंग के तरीके में बदलाव होने जा रहा है। अब अनजान नंबर से कॉल आने पर मोबाइल स्क्रीन पर सिर्फ नंबर नहीं, बल्कि कॉल करने वाले का नाम भी दिखाई देगा। इसके लिए टेलीकॉम कंपनियां कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) सेवा शुरू करेंगी। इसका उद्देश्य कॉल करने वाले की पहचान आसान बनाना और स्पैम व फ्रॉड कॉल पर अंकुश लगाने में मदद करना है।
इस सुविधा के लिए मोबाइल यूजर्स को कोई ऐप डाउनलोड करने या अलग से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। 4G और 5G नेटवर्क पर यह सेवा डिफॉल्ट रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। कॉल करने वाले का नाम टेलीकॉम कंपनी के सब्सक्राइबर रिकॉर्ड के आधार पर दिखेगा। यदि नंबर पहले से फोन में सेव है, तो कॉन्टैक्ट लिस्ट में दर्ज नाम ही दिखाई देगा।
CNAP सेवा को Truecaller जैसे थर्ड-पार्टी कॉलर आईडी ऐप के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, 2G और 3G नेटवर्क के लिए इसे लागू करने पर बाद में फैसला लिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय कॉल पर नाम की जगह 'International Call' दिखाई देगा। वहीं, जिन यूजर्स ने कॉलर आईडी छिपाने की सुविधा ले रखी है, उनका नाम प्रदर्शित नहीं होगा। CNAP कॉलर का नाम टेलीकॉम कंपनी के रिकॉर्ड से दिखाएगी, इसलिए इसे स्पैम या फ्रॉड कॉल की पहचान की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए। यह केवल कॉल करने वाले की पहचान जानने में मदद करेगी
