जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल द्वारा बिना टिकट, अनियमित टिकट एवं बिना बुक किए गए लगेज के साथ यात्रा करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे टिकट जांच अभियानों के परिणामस्वरूप सितम्बर 2026 में कुल 8.64 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया। यह गत वर्ष 2025 सितम्बर की तुलना में 44.72 प्रतिशत अधिक है। साथ ही, रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 7.16 करोड़ के लक्ष्य से 20.61 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशानुसार पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारियों के नेतृत्व में यात्री गाडिय़ों एवं स्टेशनों पर समय-समय पर टिकट जांच अभियान चलाए गए। रेलवे मजिस्ट्रेट चेकिंग के अंतर्गत भी जांच की गई।
इन अभियानों के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट पर यात्रा तथा बिना बुक किए गए लगेज से संबंधित कुल 1 लाख 1 हजार मामले पकड़े गए, जिनसे अतिरिक्त किराए एवं जुर्माने सहित 8 करोड़ 64 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। गत वर्ष सितम्बर माह में इन मामलों से 5.97 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया था। इस प्रकार, इस वर्ष के सितम्बर माह में 2.67 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यालय एवं तीनों मंडलों का प्रदर्शन
मुख्यालय सीसीएम स्क्वाड: मुख्यालय के टिकट निरीक्षकों द्वारा चलाए गए टिकिट जाँच अभियान में बिना टिकिट/अनबुक्ड लगेज/अनियमित टिकिट लेकर यात्रा करने वालों के 1 हजार 700 मामलों से 14 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
जबलपुर मंडल: टिकट निरीक्षकों द्वारा चलाए गए जांच अभियान में 45 हजार मामलों से 3 करोड़ 80 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
भोपाल मंडल: टिकट जांच के दौरान 31 हजार 800 मामलों से 2 करोड़ 65 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
कोटा मंडल: टिकट निरीक्षकों ने अभियान के दौरान 22 हजार 500 मामलों से 2 करोड़ 05 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
