जबलपुर. आगामी नवरात्रि, दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान स्टेशनों पर बढऩे वाली संभावित यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर कमल कुमार तलरेजा की अध्यक्षता में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों के स्टाफ के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं तथा स्टेशन व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभय कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री प्रिंस विक्रम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री मुनव्वर खान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री गुन्नार सिंह सहित मंडल के शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्चुअल बैठक में जबलपुर, मदन महल, कटनी, सतना, मैहर, रीवा, सागर, दमोह, ब्यौहारी सहित मंडल के अन्य स्टेशनों के स्टाफ ने भाग लिया। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी स्टेशन स्टाफ को आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को व्यवस्थित रूप से संभालने तथा सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
बैठक में निर्देश दिए गए कि स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। लिफ्ट, एस्केलेटर, सफाई व्यवस्था,पेय जल, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रकाश व्यवस्था, होल्डिंग एरिया, डिस्प्ले एवं अनाउंसमेंट सिस्टम तथा कोच गाइडेंस सिस्टम एवं यात्री सुरक्षा की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। नवरात्रि, दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान चलने वाली विशेष ट्रेनों एवं बढ़ी हुई यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए यथासंभव प्लेटफॉर्म परिवर्तन से बचने, यात्रियों को समय पर एवं स्पष्ट उद्घोषणा के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराने तथा स्टेशन पर उचित यात्री प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
होल्डिंग एरिया एवं निगरानी व्यवस्था
स्टेशनों पर भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यकतानुसार होल्डिंग एरिया, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। होल्डिंग एरिया को यात्रियों की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थित एवं आवश्यकतानुसार वॉटरप्रूफ रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से चालू रखने तथा सीसीटीवी से लैस वार रूम के माध्यम से स्टेशन की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सफाई, पेयजल एवं अन्य यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी
मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशनों पर सुलभ शौचालय, सफाई व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि स्टेशन पर किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसकी सूचना तत्काल संबंधित ग्रुप/माध्यम में अधिकारियो को साझा की जाए, ताकि उसका शीघ्र निराकरण किया जा सके।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विभागों एवं स्टेशन स्टाफ से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नवरात्रि, दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यात्री आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए मंडल स्तर पर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी।

