जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में फुटपाथ पर दुकान सजाने वाले छोटे कारोबारी गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। आईटीआई करमेता निवासी गोरा बाई गड़री के नेतृत्व में पहुंचे इन लोगों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। पीड़ितों ने बताया कि पिछले 20 दिनों से पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम प्रशासन मिलकर उन्हें फुटपाथ पर सब्जी-भाजी सहित रोजमर्रा की सामग्री बेचने से लगातार रोक रहा है। रोज की कमाई ठप होने से परिवारों के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। बच्चों की स्कूल फीस और किताबों का खर्च जुटाना नामुमकिन हो गया है। कारोबारियों का कहना है कि वे सभी किराये के कमरों में गुजर-बसर करते हैं, काम रुकने से सिर से छत छिनने का डर भी सताने लगा है।
किराया और बच्चों की पढ़ाई पर गहरा संकट
दुकानदारों ने प्रशासन के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि जमा पूंजी पूरी तरह खत्म हो चुकी है। घर के मकान मालिक लगातार किराये का तकाजा कर रहे हैं। बिना दैनिक आमदनी के राशन लाना भी कठिन हो गया है। बीमार बुजुर्गों की दवाइयों का इंतजाम नहीं हो पा रहा है।
नियम अनुसार मिले दुकान लगाने का उचित स्थान
पीड़ितों ने मांग रखी है कि प्रशासन नियमों के दायरे में रहकर उन्हें किसी निश्चित जगह पर शिफ्ट करे। इससे शहर की यातायात व्यवस्था भी बाधित नहीं होगी और गरीबों की रोजी-रोटी भी सुरक्षित बनी रहेगी। त्वरित समाधान न मिलने पर फुटपाथ विक्रेता बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
