भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (बैंड) भर्ती परीक्षा-2026 का अंतिम परिणाम रविवार को जारी कर दिया गया। 39,468 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से चयनित 560 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। परिणाम एमपी ऑनलाइन की वेबसाइट iforms.mponline.gov.in और विस्तृत विवरण मध्य प्रदेश पुलिस की वेबसाइट mppolice.gov.in पर देखा जा सकता है।
87 प्रतिशत मुख्य भाग के आधार पर परिणाम तैयार
बैंड टेस्ट और साक्षात्कार के अंकों को एकीकृत कर 87 प्रतिशत मुख्य भाग में अंतिम परिणाम तैयार किया गया है। 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के चलते 13 प्रतिशत पदों पर परिणाम रोका गया है। 87 प्रतिशत मुख्य भाग में 591 पदों पर चयन होना था, लेकिन ईडब्ल्यूएस श्रेणी में विज्ञापित पदों की तुलना में कम अभ्यर्थी योग्य पाए गए, इसलिए 560 पदों के लिए चयन सूची जारी की गई है।
परिणाम पर हाई कोर्ट के निर्णय का रहेगा असर
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जबलपुर और ग्वालियर हाई कोर्ट में लंबित चार याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
