जबलपुर। खितौला के एक घर में चोरी करने के बाद चोरी के पैसों से ऐश करने वाले तीन युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। ये युवक पनागर के भरदा पड़रिया गांव के रहने वाले हैं। इन युवकों ने अचानक लग्जरी गाड़ियां खरीद ली थी और सोने के जेवरात गिरवी रखने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने युवकों की छानबीन करते हुए पकड़ा। पूछताछ में युवकों ने वारदात कबूल की। पुलिस ने आरोापियों के कब्जे से चोरी के 31 लाख के जेवरात सहित चोरी के पैसों से खरीदी लग्जरी कारें जब्त की।
खितौला पुलिस ने बताया कि पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि वह मूलतः पथरिया जिला दमोह का रहने वाला है। सिहोरा स्थित काल भैरव चौक में नीतू कलेक्शन के नाम से गारमेंट की दुकान वह चलाता है। 11 जून को रात 11 बजे वे लोग अपने नये मकान साई मंगलम कालोनी में सोने के लिये चले गये थे। दूसरे दिन सुबह 7 बजे पालीवाल कालोनी स्थित किराये के मकान में आकर देखे तो घर के सामने गेट का ताला एवं मेन गेट का ताला एवं अंदर रखी अलमारी का लॉक टूटा था। अलमारी में रखे जेवर सोने-चांदी के जेवर एवं नगद रूपये गायब थे। अज्ञात चोर द्वारा सोने-चांदी के लगभग 8-10 लाख रूपये चोरी कर ले गया है।
पुलिस छानबीन में पनागर स्थित ग्राम भरदा पडरिया निवासी अंकित पटेल, आकाश पटेल, शनि पटेल के पास अचानक से काफी पैसा आने का पता चला। उनके द्वारा कार बाजार जबलपुर से 2 गाडियां खरीदी गई। साथ ही सुनारों के पास स्वर्ण आभूषण गिरवी-विक्रय करने के लिये प्रयासरत् हैं। सूचना पर थाना प्रभारी खितौला चंद्रकांत झा के नेतृत्व में क्राईम ब्रांच एवं थाना खितौला की संयुक्त टीम द्वारा अंकित, आकाश पटेल और शनि पटेल को अभिरक्षा में लेते हुये थाना लाकर सघन पूछताछ करने पर तीनों ने मिलकर खितौला के सूने मकान मे चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशादेही पर चुराये हुये सोने चांदी के आभूषण तथा चुराये हुये पैसों से खरीदी हुयी अमेज एवं अल्टो कार तथा व अन्य जगह से चुराये हुये सोने चांदी के आभूषण जप्त किये गये।

