khabar abhi tak

ऑनलाइन ठग चुस्त, पुलिस सुस्त


जबलपुर।
साइबर क्राइम से बचने के लिए पुलिस के सारे प्रयास फेल हो रहे हैं, जबकि हाल ही में पुलिस कप्तान ने बैठक लेकर साइबर क्राइम को रोकने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए थे। हाल ही में चार ऐसे मामले विभिन्न थानों में दर्ज किए हैं, जिसमें ठगों ने लोगों के खाते खाली कर दिए हैं।

गढ़ा पुलिस ने बताया कि सोमवार को शारदा चौक निवासी विजय कुमार तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एलआईसी से रिटायर्ड है। 7 अगस्त को सुबह लगभग 11-30 बजे घर में फेसबुक देख रहा था। एक एड आया, जिसमें बैंक आफ इंडिया से सीनियर सिटीजन कार्ड लेने पर अलग अलग तरह के डिस्काउण्ट मिलना बताया। उसने उक्त कार्ड पर एपलाई करने क्लिक किया। कुछ देर बाद बैंक आफ इंडिया के कर्मचारी बनकर मोबाइल से व्हाटसएप कॉल आया। कार्ड लेने की प्रक्रिया कम्पलीट करने के लिये कहा। उसका डेविट कार्ड नम्बर ले लिया। कॉल के दौरान मोबाइल हेंडसेट के बारे में जानकारी मांगी। व्हाटसएप पर लिंक भेजी। लिंक क्लिक करने पर उसके खाते से 50 हजार रूपये कटने का मैसेज आया। उसने उक्त व्यक्ति को 50 हजार रूपये कटने के बारे में बताया तो लिंक  डिलीट करने के लिये कहा। उसने कॉल काटा दुबारा 10 हजार रूपये कटने का मैसेज आया। फिर उक्त व्यक्ति ने उसका कॉल रिसीव नहीं किया। उसे बैंक स्टेटमेंट से जानकारी मिली कि उसके अकाउण्ट से 60 हजार रूपये कट गये हैं। 

रांझी पुलिस ने बताया कि व्हीकल स्टेट निवासी देबाशीष बहेरा ने लिखित शिकायत की वह व्हीकल फैक्ट्री में नौकरी करता है। उसका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक शाखा व्हीएफजे में है। 6 अगस्त को दोपहर लगभग 12-30 बजे उसका मोबाइल अपने आप अपडेट होने लगा। लगभग 1-45 बजे के बाद अपडेट होकर चालू हो गया। शाम लगभग 6 बजे उसके मोबाइल पर उसकी सैलरी क्रेडिट होने का मैसेज आया। मैसेज में उसका टोटल बैलेंस बताया। उसने अपना खाता चैक किया। पाया कि 6 अगस्त को अलग अलग किस्तों उसके खाते से 38 हजार 5 रूपये कट गये। उसे समझ आया कि जब उसका मोबाइल अपने आप अपडेट हो रहा था। उसी समय किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके मोबाइल को हैक करके उसके खाते से कुल 38 हजार 5 रूपये धोखाधड़ी करते हुये आनलाईन हड़प लिये। 

हनुमानताल पुलिस ने बताया कि कुजड़हाई मस्जिद के पास रहने वाले शादाब नजर ने लिखित शिकायत की है कि वह फुटकर घूम घूम कर आलू प्याज बेचने का काम करता है। 19 जुलाई को शाम लगभग 4-30 बजे उसके मोबाइल पर ओटीपी शॉपिंग वाले आ रहे थे। उसने सोचा कम्पनी वाले ओटीपी आ रहे हैं। 20 जुलाई को उसने बैलेंस चैक किया तो बैलेेंस नहीं नहीं था। उसे ज्ञात हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके साथ सायबर ठगी करके 2 बार में 52 हजार 300 रूपये उसके खाते से निकाल लिये हैं।  

घमापुर पुलिस ने बताया कि द्वारका नगर निवासी टेकचंद गौतम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गौतम पिकप सेंटर नाम से कांचघर चौक में दुकान चलाता है। 7 अगस्त को शाम लगभग 5-40 बजे मोबाइल पर कॉल आया। रांग नम्बर बोलकर फोन काट दिया। तुरंत बाद उसके मोबाइल पर ट्रांजेक्शन करने के संबंध में क्रेडिट कार्ड से लगभग 15 मैसेज आये, जिसमें से 9 ट्रांजेक्शन से उसके खाते से कुल 3 लाख 72 हजार 582 रूपये कट गये। किसी अज्ञात मोबाइल धारक द्वारा धोखाधड़ी करते हुये उसके क्रेडिट कार्ड से आनलाईन धोखाधड़ी करके रूपए हड़प लिये।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak