जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल द्वारा माल यातायात को बढ़ावा देने, रेल परिवहन को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं ग्राहक-केंद्रित बनाने तथा उद्योगों एवं रेलवे के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंडल के प्रमुख मालभाड़ा ग्राहकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन ऑनलाइन (वर्चुअल) माध्यम से किया गया। बैठक में क्षेत्र के प्रमुख सीमेंट संयंत्रों एवं थर्मल पावर हाउस के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर रेल परिवहन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जबलपुर रेल मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रिंस विक्रम, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक रजनीकांत साहू, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री स्वप्निल पाटिल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक-2 शशांक गुप्ता तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मालभाड़ा ग्राहकों के साथ संवाद स्थापित कर वर्तमान आवश्यकताओं, चुनौतियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में माल यातायात को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की रणनीति पर विशेष चर्चा की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने सभी उद्योगों एवं ग्राहकों को आश्वस्त किया कि माल परिवहन से संबंधित आवश्यकताओं, सुविधाओं एवं परिचालन संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए जबलपुर रेल मंडल हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
डॉ. वर्मा ने बताया कि रेलवे द्वारा मालभाड़ा ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न ग्राहक-अनुकूल पहलें की जा रही हैं, जिससे उद्योगों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में माल लदान एवं उतरान की प्रक्रियाओं को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने रेल वैगनों की सुरक्षित हैंडलिंग, संरक्षा मानकों के अनुपालन तथा वैगनों को क्षति से बचाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। ग्राहकों को सुझाव दिया गया कि साइडिंग एवं संयंत्र परिसरों में वैगनों में माल के लदान एवं उतराई के लिए निर्धारित मानकों तथा मानक उपकरणों का ही उपयोग किया जाए। इससे वैगनों को होने वाली क्षति को रोका जा सकेगा तथा रेल परिचालन की संरक्षा एवं दक्षता सुनिश्चित होगी। साथ ही यह भी बताया गया कि सुरक्षित हैंडलिंग से उद्योगों एवं रेलवे दोनों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होते हैं तथा माल परिवहन प्रक्रिया अधिक सुचारु बनती है।
उपस्थित अधिकारियों ने ग्राहकों द्वारा प्राप्त सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस समन्वय बैठक में क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस सीमेंट, अदाणी सीमेंट, प्रिज्म सीमेंट, बिरला सीमेंट, हाइडेलबर्ग सीमेंट तथा गाडरवारा थर्मल पावर हाउस के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। मंडल प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे और उद्योगों के संयुक्त प्रयासों से आगामी समय में माल यातायात में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा रेल परिवहन को देश के सबसे विश्वसनीय, सुरक्षित और पसंदीदा परिवहन माध्यम के रूप में और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।
