khabar abhi tak

जबलपुर आ रहा सेब से भरा ट्रक पाटन में पलटा, ड्राइवर मदद की गुहार लगाता रहा, लोग फल लूटते रहे

जबलपुर.  जिले के पाटन में दमोह से जबलपुर आ रहा ट्रक पाटन के आगे शनि मंदिर के पास शुक्रवार 28 दिसम्बर की दोपहर अचानक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदे सेब के पेटियां सड़क पर बिखर गईं। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर जुटे लोगों ने ट्रक में फंसे चालक की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे सेब उठाना शुरू कर दिया।

ट्रक क्रमांक एमपी 15 जेडएल1510 किसी व्यापारी की सेब की पेटियां लेकर जबलपुर आ रहा था। पाटन के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। चालक ट्रक में फंस गया और मदद के लिए आवाज लगाता रहा। काफी मशक्कत के बाद वह खुद बाहर निकलने में सफल हुआ और पाटन थाना पुलिस को सूचना दी।

चालक के मुताबिक, तेज बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिसके चलते ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, ट्रक पलटने के बाद सड़क पर बिखरे सेब देखकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और उन्हें उठाकर ले जाने लगे। लोगों में सेब ले जाने की होड़ मच गई और जिसने जितने सेब हाथ लगे, लेकर वहां से निकल गया।

सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सेब उठाकर ले जा रहे लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद दूसरे ट्रक की मदद से सड़क पर बिखरी सेब की पेटियों को लादकर जबलपुर के व्यापारी के यहां भेजा गया। हादसे के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak