ई-रिक्शा-बाइक में हुई भीषण भिड़ंत, एक युवती की मौत, 8 घायल, 3 की हालत अत्यंत गंभीर
byKhabarAbhiTak-
0
जबलपुर। सिहोरा थानान्तर्गत मझौली रोड पर दर्शन गांव में आज दोपहर तीन बजे के लगभग चीख पुकार मच गई, जब सवारी लेकर आ रहे ई-रिक्शा व मोटर साइकल में आमने सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार एक युवती की मौत हो गई। वहीं 8 सवारियों को गंभीर चोटें आई है। घायलों को उपचार के लिए सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर तीन घायलों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया।
सिहोरा पुलिस के मुताबिक बाइक सवार युवक सिहोरा से मझौली जाने के लिए निकला, जब वह दर्शनी गांव में पान बरेजा के सामने से गुजर रहा था, इस दौरान सामने से आए ई-रिक्शा से भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। वहीं बाइक सवार भी उछलकर दूर जा गिरा। दुर्घटना होते देख राह चलते लोगों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जिन्होने घायलों को जननी एक्सप्रेस व निजी वाहनों से सिहोरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने पोंडा निवासी 21 वर्षीय प्रीति कोल को मृत घोषित कर दिया। वहींा घायलों में सुधा रावत उम्र 18 वर्ष, जानकी रावत 19 वर्ष, नेहा कोल 26 वर्ष, सुखवंती बाई कोल 55 वर्ष,दुर्गा कोल 7 वर्ष व अभि कोल 6 वर्ष को भरती कर लिया गया। इसके अलावा घायल राजकुमार कोल 35 वर्ष, अनुराग 11 व शुभम कोल 40 वर्ष की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल अस्पताल में तीनों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद सिहोरा-मझौली रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। दोनों ओर वाहनों की लाइन लगी रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को के्रन की मदद से हटवाया, इसके बाद लोगों की आवाजाही शुरु हो सकी।