पुलिस के अनुसार तेजगढ़ के ग्राम हरई में गैस सिलेंडर लेकर जा रहे ट्रक ने खेत से लौट रही 6 भैंस को टक्कर मारकर कुचल दिया। जिससे तीन भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते देख मालिक उत्तम यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने ट्रक को रोकने के लिए मोटर साइकल से पीछा किया लेकिन चालक तेजी से भागते हुए निकल गया। उत्तम यादव ने जब थाना तेजगढ़ में एफआईआर दर्ज कराना चाही तो उन्हे ट्रक मालिक के खिलाफ आवेदन देने के लिए कहा गया। इसके बाद जब मामला दर्ज नहीं किया गया तो गुस्साए मालिक उत्तम यादव सहित ग्रामीणों ने आज शाम जबलपुर-दमोह रोड पर चकाजाम कर प्रदर्शन शुरु कर दिया। प्रदर्शन के कारण दमोह-जबलपुर मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मवेशी मालिक को समझाइश दी, इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया। चकाजाम प्रदर्शन के कारण जबलपुर व दमोह आने जाने वाले वाहनों की लाइन लगी रही, प्रदर्शन के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ।