khabar abhi tak

मंडला-सीधी-बालाघाट समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सतना-चित्रकूट में बाढ़, सीएम ने दिए ये निर्देश

भोपाल. लगातार हो रही बारिश से सतना-चित्रकूट में हालात बेहद बिगड़ गए हैं। चित्रकूट में गोरगी बांध के फूटने के बाद पानी तेजी से निचले इलाकों में पहुंच रहा है। हालांकि राहत बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। रविवार को भी 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

शुक्रवार-शनिवार की रात हुई लगातार बारिश के चलते मध्य प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, सतना और टीकमगढ़ जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई। जलस्तर बढऩे से चित्रकूट में गोरगी बांध फूट गया, तेज बहाव में रामघाट का बड़ा पुल भी बह गया। मंदाकिनी नदी उफान पर आई। सड़कों, घरों और गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई। सतना-चित्रकूट मार्ग भी बंद हो गया।

हालांकि राहत बचाव कार्य  लगातार जारी है, बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। स्थिति बिगडऩे पर खुद मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव देर रात दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही सतना, रीवा कलेक्टर को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। रविवार को प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी आशंका है।

रविवार को कहां-कहां होगी बारिश

मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मैहर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश, झंझावात और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

सितंबर के पहले हफ्ते तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तटों के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र उसी क्षेत्र में बना हुआ है। इससे संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी तक विस्तृत है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तरी ओडिशा एवं गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजरने की संभावना है। इसके असर से 2-3 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 1-2 सितंबर को प्रदेश के सीधी, सतना, उमरिया, शहडोल, मंडला और डिंडौरी में अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी हुई है।

सीएम ने की स्थिति की समीक्षा, रीवा-सतना कलेक्टर को दिये ये निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने शनिवार को रीवा सर्किट हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सतना एवं रीवा में बारिश के दौरान जल भराव एवं बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। सतना कलेक्टर को निर्देश दिए की सभी बाढ़ प्रभावित लोगों एवं चित्रकूट में रुके हुए श्रद्धालु एवं रहवासियों के भोजन वस्त्र एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि सर्वे कराकर आरबीसी 6/4 के तहत राहत राशि भी प्रदान की जाए। एनडीईआरएफ की टीम मुस्तैदी से बचाव कार्य संपादित करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा सतना एवं सतना चित्रकूट मार्ग के संबंध में भी जानकारी ली ।

समीक्षा बैठक के दौरान सतना कलेक्टर ने अवगत कराया कि छह गांव में रेस्क्यू किया गया है। आज रात बारिश नहीं हुई तो स्थिति ठीक हो जाएगी। सात लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है । उन्होंने बताया कि नया गांव डैम डैमेज हुआ है , इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कलेक्टर रीवा ने बताया कि रीवा में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। बाढ़ प्रभावितों के प्रकरण बनाए गए हैं, जो पशु हानि हुई है उसकी सहायता राशि दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak