khabar abhi tak

एमपी के मंडला में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर करंट से मजदूर की मौत

मंडला. मध्य प्रदेश मंडला जिले के बम्हनी-मंडला मार्ग पर लिमरुआ रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार 21 जुलाई को करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। उमरिया जिले के 24 वर्षीय मजदूर रामप्रकाश बैगा की करंट से मौत के बाद निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

साथी मजदूरों ने बताया कि निर्माण स्थल पर रात के काम के लिए बिछाए गए बिजली के तारों को सुबह हटाया नहीं गया था। मंगलवार दोपहर रामप्रकाश जैसे ही लोहे की सरिया उठाने लगा, वह सीधे बिजली के तारों के संपर्क में आ गई। जोरदार करंट लगने के बाद साथी मजदूर उसे तुरंत बम्हनी अस्पताल ले गए, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

नहीं मिलते सुरक्षा उपकरण

हादसे के बाद श्रमिकों ने निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनसे जोखिम भरे माहौल में काम कराया जाता है और सुरक्षा के लिए जरूरी हेलमेट, दस्ताने या जूते तक उपलब्ध नहीं कराए जाते। ओवरब्रिज का निर्माण मधुसूदन अग्रवाल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। कंपनी के सुपरवाइजर लक्ष्मीकांत ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak