बाइक सवारों को कुचलते हुए पलटा पिकअप वाहन, वृद्धा की मौत, दो युवकों की हालत अत्यंत गंभीर,
byKhabarAbhiTak-
0
जबलपुर। सिहोरा थानान्तर्गत ग्राम दिनारी खमरिया पर आज दोपहर 3.30 बजे के लगभग तेज गति से आ रहे पिकअप वाहन के चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार वृद्धा की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो युवकों के शरीर पर गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना होते देख आसपास से गुजर रहे लोगों में चीख पुकार मच गई। लोगों ने घायल युवकों को उठाकर सिहोरा अस्पताल पहुंचाया, जहां पर हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम सलैया कुआं निवासी कुसुम बाई यादव उम्र 70 वर्ष अपने पोतों विनीत यादव उम्र 23 वर्ष व नीरज यादव 22 वर्ष के साथ मोटर साइकल में बैठकर सिहोरा रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकली। जब तीनों लोग ग्राम दिनारी खमरिया से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान सामने से आए पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 5647 के चालक ने टक्क र मार दी। पिकअप की टक्कर लगते ही तीनों मोटर साइकल सहित सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए पिकअप वाहन निकल गया। हादसे में कुसुमबाई के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनीत और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जाकर पलट गया। दुर्घटना होते देख राह चलते लोग रुक गए, जिन्होने पुलिस को खबर देते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर दोनों युवकों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल में दोनों युवकों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।