khabar abhi tak

एमपी : बिजली विभाग का चीफ इंजीनियर निकला करोड़ों का आसामी, लोकायुक्त की छापामारी

इंदौर. एमपी के इंदौर में विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ एडीशनल चीफ इंजीनियर  के कई ठिकानों पर एक साथ लोकायुक्त टीम ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की. मंगलवार तड़के छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपए की संपत्ति का खुलासा हुआ है. अधिकारी के घर से सोने और चांदी के आभूषण का भंडार मिला है. इसके अलावा कई स्थानों पर मकान, फ्लैट व जमीन के दस्तावेज मिले हैं. प्रारंभिक जांच में करीब 6.50 करोड़ रुपए की संपत्ति और निवेश की बात कही गई है.

इंजीनियर के घर से मिली काली कमाई

इंदौर लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार सुबह विद्युत वितरण कंपनी के एडिशनल चीफ इंजीनियर शिवराम सेमिल के इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना सहित 9 ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की. इंदौर के सिलिकॉन सिटी स्थित अधिकारी के बंगले पर कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अलग-अलग जगह पर मौजूद संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज, सोने चांदी के आभूषण और बैंक में मौजूद अकाउंट की जानकारी मिली है.

पीथमपुर में फैक्ट्री का खुलासा

डीएसपी लोकायुक्त सुनील तालान ने कहा, प्रारंभिक जांच में करीब 6.50 करोड़ रुपए की संपत्ति और निवेश का पता चला है. उनके जमाई और भाई द्वारा पीथमपुर में फैक्ट्री चलाई जा रही है, इसका भी खुलासा हुआ है. अधिकारी शिवराम सेमिल पिछले 35 सालों में विभाग में पदस्थ हैं, इस दौरान उन्होंने झाबुआ, अलीराजपुर सहित अन्य जगहों पर नौकरी की है. इंदौर में कुछ दिनों पहले ही वह अधीक्षण यंत्री के पद पर पदस्थ हुए हैं. 

ओमेक्स सिटी में पत्नी के नाम करोड़ों का प्लाट

जांच पड़ताल में पाया गया है कि आरोपी अधिकारी द्वारा ओमेक्स सिटी में ढाई करोड़ रुपए का एक प्लाट खरीदा है, जिसको लेकर अधिकारी ने सोमवार को ही एक अनुबंध किया है. 1 लाख रुपए की अनुबंध संबंधित दस्तावेज भी लोकायुक्त को मिले हैं. साथ ही अधिकारी के मुरैना और धार में भी संपत्तियों का खुलासा हुआ है. उनकी पत्नी के पास करोड़ों रुपए के प्लांट मौजूद थे. जिसको हाल ही में बेच दिया गया.

300 ग्राम सोना और 4 किलो चांदी बरामद

शिवराम सेमिल की पत्नी के पास से 300 ग्राम सोना, 4 किलो चांदी और 3 लाख रुपए नगद मिले हैं. इसके अलावा लोकायुक्त को बैंक लॉकर की भी जानकारी मिली है, जिसमें करीब 6 बैंक शामिल हैं. जिसमें लाखों रुपए जमा होने की आशंका है. इस पूरे मामले की लोकायुक्त द्वारा काफी बारीकी से जांच की जा रही है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak