बालाघाट। बालाघाटलांजी क्षेत्र में पंचायत सचिव सीताराम घोरमारे उफनाते नाले में बाइक सहित गिरकर बह गए। हादसा उस वक्त हुआ है जब वे ड्यूटी से अपने घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए, जिन्होने एसडीईआरएफ की टीम की मदद से तलाश शुरु कराई।
बताया गया है कि ग्राम पंचायत रानककोड़ी में पदस्थ सचिव सीताराम घोरमारे ड्यूटी समाप्त होने के बाद मोटर साइकल से अपने घर के लिए निकले। जब वे पीपलकलां गांव से कोसमारा जाने उफनाते नाले को पार कर रहे थे, इस दौरान मोटर साइकल अनियंत्रित हो गई और वे बाइक सहित नाला में गिरकर बह गए। आसपास खड़े लोगों ने देखा तो चीख पुकार मच गई, कुछ लोगों ने पुलिस को खबर दी, जिसपर पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारी व बालाघाट से एसडीईआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) का बचाव दल पहुंच गया और तलाश शुरु कर दी। देर शाम तक सचिव सीताराम की तलाश की गई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। तेज बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाने को कहा है।