khabar abhi tak

एमपी : सीएम ने जिस 4 करोड़ की सड़क का 1 को किया लोकार्पण, 2 जुलाई को बह गई

सिवनी. एमपी के सिवनी में करोड़ों की लागत से बनी सड़क पहली ही बारिश में ही बह गई. केवलारी विकासखंड के मोहबर्रा-सारसडोल मार्ग पर बनी पुलिया और सड़क का हिस्सा धंसने से निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. खास बात ये है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक जुलाई को धान महोत्सव के दौरान तीन करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से बने इस मार्ग का लोकार्पण किया था लेकिन दो जुलाई की पहली बारिश में पुलिया और डामरीकृत सड़क का हिस्सा बह गया. इस घटना ने एक और गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है.

बता दें कि इस सड़क का काम पूरा नहीं हुआ है. सड़क पर तीन पुलिया का काम अधूरा पड़ा है. इसके बावजूद मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस मार्ग का उद्घाटन करा दिया गया. घटना के बाद कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है. स्थानीय लोगों ने निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और सड़क के जल्द पुनर्निर्माण की मांग की है. वहीं विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क की पुलिया क्षतिग्रस्त हुई है. उसे क्षेत्र के पानी की निकासी के लिए बनाया गया था और बारिश अधिक होने से यह पुलिया क्षतिग्रस्त हुई है.

जल्द दुरुस्त की जाए सड़क

ग्रामीणों ने कहा कि यह महत्वपूर्ण सड़क है. यहां से ट्रक-बस सब गुजरते हैं. दो जुलाई को हुई बारिश में सड़क ढह गई. इसे जल्द से जल्द बनाना चाहिए. रास्ता टूट गया है. वाहन नहीं जा सकते. पैदल जाने की भी दिक्कत है. इसे जल्द बनाकर देना चाहिए. रास्ता न होने से खेती-किसानी में भी परेशानी आएगी.

लोक निर्माण विभाग की सफाई

लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजगुरु चौबे ने इस बारे में कहा कि पुलिया के बगल से डक्ट पाइप डले थे. ये पाइप इमरजेंसी में पानी की निकासी के लिए डाले जाते हैं. पुलिया में झाडिय़ां आकर फंस गईं, जिसने पानी निकासी को जाम कर दिया. बगल में जो डक्ट पाइप थे, इनके आगे कंक्रीट की बेस वॉल नहीं थी क्योंकि पुलिया नहीं थी. भारी बारिश होने पर डक्ट पाइप के नीचे से पानी का रिसाव हुआ, जिसने रोड को क्षतिग्रस्त कर दिया.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak