मुस्लिम महिलाओं ने लिखित शिकायत देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर पैगंबर साहब के प्रति अशोभनीय टिप्पणियां की गई हैं और उनके कार्टून भी प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। यह विवादित सामग्री न्यूज वॉच इंडिया नामक सत्यापित इंस्टाग्राम अकाउंट और उसके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित एक पॉडकास्ट के माध्यम से सामने आई है। बताया जा रहा है कि नाजिय़ा इलाही खान पॉडकास्ट नामक इस कार्यक्रम का प्रसारण हाल ही में किया गया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस वीडियो में प्रयुक्त कथन और दृश्य समाज में धार्मिक वैमनस्य, नफरत और सामाजिक तनाव उत्पन्न करने की सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं, जिससे सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है। शिकायत में मुख्य रूप से विवादित वक्ता नाजिया इलाही खान, संबंधित शो के एंकर, न्यूज वॉच इंडिया के मालिक, निर्माता, संपादक और प्रकाशक को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता रशीदा तबस्सुम ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि नाजिया इलाही खान पहले भी इस तरह की भड़काऊ टिप्पणियों के लिए विवादों में रही हैं। बार-बार ऐसी संवेदनशील सामग्री का निर्माण और प्रसारण कानून व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती है।