कटनी। कटनी के बड़वारा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस के कोई ठोस कदम न उठाए जाने से परेशान होकर पीडि़ता ने आज एसपी आफिस पहुंचकर जन सुनवाई में शिकायत की है। पीडि़ता ने एसपी अभिनव विश्वकर्मा को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी युवक और उसके पूरे परिवार पर प्रताडऩा के आरोप लगाए हैं।एसपी को दी गई शिकायत में पीडि़ता ने बताया कि ग्राम गणेशपुर निवासी प्रभात पटेल उर्फ छोटू पटेल ने युवती को शादी का झांसा देकर जाल में फंसाया। आरोप है कि प्रभात ने लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। इस दौरान जब पीडि़ता गर्भवती हुई, तो आरोपी ने धोखे से दवाइयां खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया, जिससे पीडि़ता की सेहत लगातार बिगड़ती चली गई। पीडि़ता ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 को वे दोनों काम के सिलसिले में अहमदाबाद (गुजरात) गए थे और वहां लिव-इन में साथ रह रहे थे। इसके बाद 2 फरवरी 2026 को वे एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए वापस अपने गांव लौटे। गांव लौटते ही आरोपी प्रभात के माता-पिता, भाई और भाभी उसकी दूसरी जगह शादी तय करने की कोशिशों में जुट गए। जब पीडि़ता को इस बात का पता चला और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे यह कहकर गुमराह किया कि वह परिवार के दबाव में है, लेकिन किसी और से शादी नहीं करेगा। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने उसके साथ जातिगत भेदभाव किया और उसे नीचा दिखाते हुए साफ कह दिया कि वे अपने से 'नीच जाति' की लड़की को अपने घर की बहू नहीं बनाएंगे। इसके साथ ही पीडि़ता ने अब अपनी जान को भी खतरा बताया है।?
छीना मोबाइल, परिवार ने दी जान से मारने की धमकी-
युवती ने बताया कि जब वह किसी काम से कटनी आई थी, तब आरोपी प्रभात वहां पहुंच गया और गांव छोडऩे के बहाने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उस मोबाइल में दोनों की निजी तस्वीरें और साथ रहने के पुख्ता सबूत थे। अगले दिन जब पीडि़ता अपना फोन वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची, तो आरोपी के पिता कौशलेन्द्र पटेल, माता मीना बाई, भाई कृष्णा, विवेक और भाभी प्रिया पटेल ने उसके साथ जमकर गाली-गलौज और अभद्रता की। साथ ही दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे घर से भगा दिया।