जबलपुर। कांचघर स्थित तेल मिल के पास देर रात एक बजे के लगभग अधिवक्ता अनूप शर्मा के भाई अविनाश पर चार बदमाशों ने हत्या की नियत से हमला कर दिया। चाकू से किए गए हमले में अविनाश के सिर, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई। हमले में बीच बचाव करने पर निक्की खत्री को भी मारा है। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार कांचघर निवासी अविनाश शर्मा बीती देर रात एक बजे के लगभग अपने दोस्त निक्की के साथ घर जा रहा था। जब वह तेल मिल के पास पहुंचा तो सम्राट चैधरी उर्फ डाक्टर, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा एवं अन्य लड़कों ने पुरानी रंजिश के चलते रोककर गाली गलौज शुरु कर दी। अविनाश ने विरोध किया तो चारों ने मिलकर अविनाश पर चाकु ओं से हमला कर दिया। अचानक किए गए हमले में अविनाश के सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोटें आई और वह गिर गया, हमला होते देख निक्की खत्री ने बीच बचाव किया तो उसपर भी चाकुओं से हमला किया गया। हमले में उसे भी गंभीर चोटें आई। युवकों पर हमला होते देख राह चलते लोग रुक गए, इन्ही में से किसी ने अविनाश को पहचान कर उनके भाई अधिवक्ता अनूप शर्मा को खबर दी, जिसपर वे भी परिचितों के साथ मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंंचाकर पुलिस को खबर दी। अस्पताल में डाक्टरों ने हालत को देखते हुए तत्काल उपचार शुरु कर दिया। अस्पताल में अविनाश की हालत चिंताजनक बनी हुई है।