khabar abhi tak

दुकान बंद कर खड़े युवक पर बदमाशों ने ढाया कहर, जांघ में घोंपा चाकू



जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाजीमिया मुन्ना होटल के पास चाय की दुकान चलाने वाले 18 वर्षीय युवक साहिल अंसारी पर दो बदमाशों ने महज 500 रुपए की अड़ीबाजी और सिगरेट न देने पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। रविवार, 14 जून की रात करीब 12:30 बजे हुई इस वारदात में चांदनी चौक निवासी आरोपी हारून और साहिद ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पैर की जांघ में चाकू मार दिया। लहूलुहान हालत में पीड़ित ने थाने पहुंचकर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

​सिगरेट और पार्टी के पैसों के लिए विवाद

​गोहलपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित साहिल अंसारी गाजीमिया मुन्ना होटल के पास ही रहता है और वहीं बाजू में अपनी चाय की दुकान चलाता है। रोज की तरह वह रात में करीब 12:30 बजे अपनी दुकान बंद करके बाहर खड़ा हुआ था। इसी दौरान वहां चांदनी चौक इलाके के रहने वाले दो बदमाश हारून और साहिद पहुंचे। दोनों ने आते ही साहिल को घेर लिया और बिना वजह गाली-गलौज करने लगे। बदमाशों ने साहिल पर जबरन मुफ्त में सिगरेट देने का दबाव बनाया। जब साहिल ने इसका विरोध किया, तो आरोपी और ज्यादा भड़क गए। उन्होंने सिगरेट के साथ-साथ पार्टी करने के नाम पर साहिल से 500 रुपए की रंगदारी मांगनी शुरू कर दी। साहिल ने जब इतनी रात को पैसे देने में असमर्थता जताई और गाली देने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।

​जांघ में चाकू मारकर आरोपी हुए फरार

​पैसे देने से साफ इनकार करने पर हारून और साहिद ने साहिल को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वे उसे हाथ-मुक्कों से लगातार मार रहे थे। इसी बीच विवाद बढ़ाते हुए आरोपी हारून ने अपने पास छिपाकर रखा हुआ धारदार चाकू निकाल लिया। उसने साहिल की जान लेने की नीयत से उस पर हमला किया और चाकू सीधे साहिल के बाएं पैर की जांघ में घोंप दिया। चाकू लगते ही साहिल दर्द से चीख पड़ा और जमीन पर गिर गया। उसकी आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक दोनों आरोपी साहिल को जान से मारने की धमकी देते हुए रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। घायल युवक ने किसी तरह गोहलपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी हारून और साहिद के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak