बेलबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोचा, एक आरोपी रिमांड पर
जबलपुर। बेलबाग थाना इलाके में अंधविश्वास का सहारा लेकर एक महिला के साथ ज्यादती और लूटपाट करने का गंभीर मामला सामने आया है। यहां रहने वाली एक 40 वर्षीय महिला काफी समय से अस्वस्थ चल रही थी। लगातार दवाइयां लेने के बाद भी जब उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ, तो किसी परिचित ने उसे मशविरा दिया कि घमापुर चौक के पास रहने वाला जावेद नामक व्यक्ति झाड़फूंक से बीमारियां ठीक करता है। इस बात पर भरोसा करके महिला 16 अप्रैल की शाम को जावेद के पास पहुंची। जावेद ने महिला को अपनी बातों में फंसाया और उसे घर के अंदर ले गया। वहां उसने अगरबत्ती जलाई, जिसके धुएं और गंध से महिला को चक्कर आने लगे। महिला की बेसुध हालत का फायदा उठाते हुए जावेद ने उसका शारीरिक शोषण किया और रात 11 बजे उसे छोड़ा। उसने महिला को धमकी दी कि उसके पास तांत्रिक शक्तियां हैं और यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देगा। डरी हुई महिला कई दिनों तक चुप रही। जब महिला की तबीयत में सुधार नहीं हुआ और उसने जावेद को उलाहना दिया, तो जावेद ने खुद को बचाने के लिए उसे खजरी खिरिया क्षेत्र में रहने वाले अपने एक अन्य साथी छुट्टू शाह के पास भेज दिया। जावेद के कहने पर महिला 13 मई को छुट्टू शाह के पास पहुंची। वहां छुट्टू शाह ने भी तांत्रिक क्रिया के नाम पर महिला का दैहिक शोषण किया और डरा-धमकाकर उसका सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। उसने भी महिला को मुंह खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़ित महिला ने अपने परिवार वालों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद सोमवार की रात बेलबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोनों आरोपियों जावेद और छुट्टू को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। अदालत ने जावेद को जेल भेज दिया है, जबकि छुट्टू शाह को पुलिस ने रिमांड पर लिया है ताकि उससे पूछताछ कर ठगी और प्रताड़ना के अन्य मामलों का पता लगाया जा सके।
