जबलपुर। अधारताल थानान्तर्गत महाराजपुर में विक्की उर्फ रिंकू यादव पर दो युवकों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमले किए, जिससे विक्की के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। घायल को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। विक्की द्वारा राजश्री गुटखा देने से मना करने पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस के अनुसार विक्की उर्फ रिंकू यादव उम्र 24 वर्ष निवासी रिषी नगर करौंदा अधारताल बीती रात 12 बजे के लगभग बाइक से अपने घर जा रहा था। महाराजपुर दुर्गा मंदिर के पास पूर्व परिचित शानू केवट, नीरज केवट मिले, जिन्होने उससे राजश्री मांगी, उसने कहा कि उसके पास राजश्री नहीं है इसी बात पर दोनों उसके साथ गाली गलौज करने लगे, गालियां देने से मना करने पर शानू और नीरज दोनों हाथ मुक्कों से मारपीट करने लगे नीरज ने चाकू निकालकर जान से मारने की नियत से चाकू से हमलाकर उसे छाती, वं जांघ, दाहिने हाथ में चोट पहुॅचा दीं तथा जान से मारने की धमकी देते हुये भाग गए। हमले से घायल विक्की को देख आसपास के लोग रुक गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून ेसे लथपथ घायल विक्की को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर विक्की की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।
रांझी में पुरानी रंजिश पर चाकू मारा-
रांझी थानान्तर्गत शोभापुर में पुष्पेन्द्र रजक उम्र 38 वर्ष पर बीती रात 11 बजे के लगभग पुरानी रंजिश पर प्रवीण रजक, पवन रजक एवं देबू अन्ना ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में पुष्पेन्द्र की जांघ पर चोट आई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर तीनों बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।