khabar abhi tak

नीट परीक्षा के दिन जबलपुर में सभी ट्रेनें समय पर चलेंगी, भीड़ प्रबंधन पर रेल मंडल की व्यापक व्यवस्था

जबलपुर। आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आगामी 21 जून 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की जा रही है। साथ ही परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे, इसके लिए ट्रेनों को समय पर चलाने की व्यवस्था की जा रही है.

जबलपुर मंडल के क्षेत्राधिकार में स्थित परीक्षा केन्द्रों वाले प्रमुख शहरों में जबलपुर, रीवा, दमोह, सागर एवं सतना शामिल हैं। इन शहरों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुँचने की संभावना है। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की संख्या का विवरण इस प्रकार है— जबलपुर (10,441), रीवा (5,399), सागर (2,769), सतना (2,912) एवं दमोह (1,147)। इन सभी केन्द्रों पर कुल 22,668 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए जबलपुर मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा दिवस पर स्टेशन परिसरों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा प्लेटफार्मों पर अतिरिक्त भीड़ नियंत्रण व्यवस्था लागू रहेगी।

उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि जबलपुर से प्रारंभ एवं समाप्त होने वाली गाडिय़ों का संचालन समयबद्ध रखा जाए तथा जबलपुर, रीवा, सतना, दमोह एवं सागर रेलवे स्टेशनों से गुजरने वाली बाहरी गाडिय़ों की समयपालनता सुनिश्चित की जाए। स्टेशनों पर यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सर्कुलेटिंग एरिया का निर्धारण कर भीड़ के अनावश्यक जमाव को नियंत्रित किया जाएगा।

यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन हेतु वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी एवं परिचालन विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन परिसरों में निरंतर उद्घोषणाएँ की जाएंगी तथा पूछताछ केन्द्र एवं सहायता डेस्क सक्रिय रहेंगे।

यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखे तथा खान-पान स्टॉलों पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आरपीएफ एवं जीआरपी को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

टिकट काउंटरों एवं चल टिकट निरीक्षकों पर बढऩे वाले यात्री दबाव को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, नीट परीक्षा के लिए आने वाले अभ्यर्थियों के अतिरिक्त अन्य यात्रियों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी रेल कर्मचारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

रेल प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों एवं यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुँचें, रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोग प्रदान करें। यात्रियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि चलती ट्रेनों में चढऩे-उतरने का प्रयास न करें और किसी भी प्रकार की भगदड़ से बचें।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak