जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के संजय गांधी थर्मल पावर स्टेशन बिरसिंहपुर ने प्रदेश में बिना रुके बिजली सप्लाई करने के मामले में एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। इस विद्युत गृह की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर 2 ने 14 जनवरी से लगातार बिना किसी रुकावट के 150 दिनों तक बिजली उत्पादन करने का स्वर्णिम आंकड़ा छू लिया है। जबलपुर से जारी सूचना के अनुसार इस शानदार उपलब्धि पर मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह और डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम ने पूरी टीम, इंजीनियरों और ठेका श्रमिकों की कड़ी मेहनत की तारीफ की है। इससे पहले इसी पावर स्टेशन की यूनिट-3 भी लगातार 100 दिनों तक बिना रुके बिजली उत्पादन करने का पड़ाव पार कर चुकी है।
तकनीकी मजबूती और सटीक परिचालन से मिली बड़ी कामयाबी
इस रिकॉर्ड अवधि के दौरान यूनिट ने 92.38 प्रतिशत का प्लांट एवेलेबिलिटी फैक्टर बनाए रखा, जो इसकी उच्च तकनीकी मजबूती को दिखाता है। इसके साथ ही इकाई ने 81.15 प्रतिशत का प्लांट लोड फैक्टर दर्ज कर अपनी वास्तविक उत्पादन क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। ऊर्जा दक्षता के मोर्चे पर प्लांट प्रबंधन को बड़ी सफलता मिली है। बिजली उत्पादन के दौरान होने वाली आंतरिक सहायक विद्युत खपत को महज 8.89 प्रतिशत पर सीमित रखने में कामयाबी मिली है, जिससे बिजली की एक बड़ी बचत हुई है।
