khabar abhi tak

जबलपुर:तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो बाइक सवारों की दर्दनाक मौत



जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के कूड़न गांव के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में तेज रफ्तार हेरियर कार ने जबलपुर से अपने गांव खैरी लौट रहे दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय वीरेंद्र भूमिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी 42 वर्षीय नरेश भूमिया ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों युवक निजी वाहन चलाने का काम करते थे और उनके दो-दो बच्चे हैं। इस भीषण टक्कर के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया, वहीं पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है।

​हादसे के बाद घायल तड़पता रहा पर कोई आगे नहीं आया

​दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरे। वीरेंद्र भूमिया के प्राण मौके पर ही पखेरू उड़ गए, वहीं नरेश भूमिया गंभीर रूप से घायल होकर मदद के लिए तड़पते रहे। दुर्घटना स्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ तो जमा हो गई, लेकिन मानवीय संवेदनाएं दम तोड़ती दिखीं और काफी देर तक कोई भी घायल को अस्पताल ले जाने के लिए आगे नहीं आया। सूचना मिलने पर जब भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तब पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों से मदद की गुहार लगाई, पर कोई तैयार नहीं हुआ। आखिरकार पुलिस ने खुद घायल नरेश को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

​बातचीत के ठीक 10 मिनट बाद मौत की खबर आई

​मृतक वीरेंद्र भूमिया के पिता ने बताया कि दुर्घटना से महज 10 मिनट पहले ही उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी, जिसमें वीरेंद्र ने जल्द ही सीधे घर पहुंचने की बात कही थी। लेकिन कुछ ही देर बाद उनके घर पहुंचने के बजाय पुलिस के जरिए दुर्घटना की खौफनाक खबर आई। दोनों मृतक आपस में परिचित थे और काम के सिलसिले में अक्सर जबलपुर आते-जाते रहते थे। इस हादसे की जानकारी मिलते ही रात में ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। भेड़ाघाट थाना पुलिस के एएसआई तेजराम ने बताया कि पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना में शामिल हेरियर कार को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak