मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के किशनपुर गांव में शुक्रवार 26 जून की देर रात 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा ने पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि वारदात घर के आंगन में हुई। घर चारों ओर से ऊंची बाउंड्री से घिरा हुआ है। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने देखा कि घर का मुख्य गेट बाहर से बंद है। शक होने पर उन्होंने बाउंड्री के ऊपर से अंदर झांक कर देखा तो महिला और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
तीनों की मौके पर ही मौत हो गई
पुलिस के मुताबिक, बलराम सिंह ने देर रात सो रही अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाहा पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों बेटों, 8 वर्षीय आरव और 5 वर्षीय देबू पर भी ताबड़तोड़ वार किए। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।
हत्या की वजह का खुलासा नहीं
मुख्यालय डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मुरैना भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
