जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र में सगे भाई के घर में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित मोहित झारिया ने चरगवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मई 2026 की रात को अज्ञात चोर ने उसके घर से सोने की 3 पांचाली, 2 मंगलसूत्र, चांदी की करधन, 2 जोड़ी पायल, 1 खुसना, 8 जोड़ी बिछिया, 1 जोड़ी चूड़ा, बच्चों के 3 जोड़ी चांदी के चूड़े और 74000 रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो संदेह के आधार पर पीड़ित के भाई मोहन मेहरा से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खोखा रोड नहर की पुलिया के नीचे छुपाए गए करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवर और 73400 रुपये नकद बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
शादी समारोह में आया भाई ही निकला शातिर चोर
थाना चरगवां के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोटावारी निवासी मोहित झारिया के घर पर एक शादी समारोह का आयोजन था। इस समारोह में शामिल होने के लिए उसका सगा भाई मोहन मेहरा भी आया हुआ था। कार्यक्रम के दौरान ही आरोपी मोहन ने अपने भाई के घर की तिजोरी और पेटी पर नजर रख ली थी। रात के समय जब परिवार के सभी सदस्य व्यस्त और सोए हुए थे, तब आरोपी ने पेटी में रखे सोने और चांदी के कीमती आभूषणों समेत 74000 रुपये नकद उड़ा दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में ही अपने वर्तमान निवास स्थान नारायणपुर थाना तिलवारा चला गया ताकि किसी को उस पर शक न हो। अगले दिन सुबह जब पीड़ित परिवार को चोरी का पता चला तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिया के नीचे छुपाया था चोरी का सामान
चरगवां पुलिस ने जब मामले की पड़ताल शुरू की तो घटना के समय घर आए सभी रिश्तेदारों और संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़ित का भाई मोहन मेहरा शादी समारोह में आने के बाद अचानक रात को ही वापस लौट गया था। संदेह गहराने पर पुलिस ने मोहन मेहरा को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस के सामने आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपने भाई के घर में ही चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की रकम में से 600 रुपये खर्च कर दिए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खोखा रोड नहर के पास स्थित पुलिया के नीचे छिपाकर रखे गए जेवर और बचे हुए 73400 रुपये नकद बरामद कर लिए।
इस टीम ने किया वारदात का खुलासा
इस पूरी बड़ी चोरी का खुलासा करने और आरोपी भाई को सलाखों के पीछे भेजने में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई। जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधियों पर नकेल कसने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चरगवां थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। आरोपी को दबोचने और पांच लाख के जेवर बरामद करने में उप निरीक्षक अभिषेक प्यासी, सहायक उप निरीक्षक प्रकाश सिंह पटैल, प्रधान आरक्षक ओंकार पाठक, आरक्षक बसंत मेहरा, संदीप कौरव और रामकुमार कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
