जबलपुर। घमापुर थानान्तर्गत गणेश चौक मरघटाई स्थित एक घर पर दबिश देकर भारी मात्रा में शराब पकड़ी है। पुलिस की दबिश से आरोपी राकेश वंशकार झाडिय़ों के रास्ते भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। वहीं पुलिस की दबिश से क्षेत्र में भगदड़ मची रही। पुलिस अब आरोपी को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गणेश चौक मरघटाई क्षेत्र में रहने वाला राकेश वंशकार लम्बे समय से अपने घर से अवैध रुप से शराब बेचने का कारोबार कर रहा था। इस बात की खबर मिलते ही घमापुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी, पुलिस को देखते ही शराब खरीदने के लिए पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई, इसी बीच राकेश वंशकार भी झाडिय़ों के रास्ते से भाग निकला। पुलिस को तलाशी के दौरान राकेश के घर से अंग्रेजी शराब मैकडावल की 8 बॉटल, ओसी की 6 बॉटल, बीपी की 2 बॉटल एवं 8 पीएम के 49 पाव, बीपी के 40 पाव, एमडी के 35 पाव तथा 134 पाव देशी शराब मिले। पुलिस ने राकेश वंशकार के खिलापाऊ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस की टीमें राकेश वंशकार को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अवैध शराब जप्त करने मे थाना प्रभारी घमापुर उप निरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में उप निरीक्षक अनुराधा परस्ते, सुनील तंतुवाय, सहायक उप निरीक्षक घासीराम उइके, संतोष यादव, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र बेन, हरिशंकर , राकेश पाण्डे, आरक्षक आकाश, विजय, सेतुप्री की सराहनीय भूमिका रही।