khabar abhi tak

बिजली कंपनी के कर्मचारियों के लिए ट्रांसफर की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू



जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नियमित और संविदा अधिकारियों तथा कर्मचारियों के स्थानांतरण की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत कर्मचारी स्वयं के व्यय पर ट्रांसफर के लिए 19 मई 2026 से 8 जून 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। कंपनी प्रबंधन के अनुसार अधीक्षण अभियंता, महाप्रबंधक और उनसे उच्च पदस्थ अधिकारी इसके लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे। साथ ही एक ही स्थान पर दो वर्ष से कम की पदस्थापना अवधि वाले कर्मचारियों के आवेदनों पर भी विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन में कर्मचारियों को वृत्त, संभाग या लेखा इकाई के तीन विकल्प देने होंगे। केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे और जमा होने के बाद इसमें कोई संशोधन नहीं हो सकेगा, जबकि ऑफलाइन आवेदन पूरी तरह से अमान्य कर दिए जाएंगे। तबादला प्रक्रिया में स्वयं या परिवार की बीमारी, बच्चों की पढ़ाई, तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थापना, आपसी स्थानांतरण और पति-पत्नी के अलग-अलग स्थानों पर कार्यरत होने जैसी परिस्थितियों को शामिल किया गया है। जिन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति में 15 माह या उससे कम समय शेष है, उन्हें प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार गृह नगर या पसंदीदा जिले में पदस्थ करने का प्रयास किया जाएगा। पति-पत्नी को एक ही स्थान पर रखने को भी प्राथमिकता मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak