khabar abhi tak

भृत्य के बकाया वेतन भुगतान के बदले मांग रहा था घूस, लोकायुक्त ने दबोचा



जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सिवनी जिले के धनौरा में बड़ी कार्यवाही करते हुए एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान में महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशों और उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह सफलता मिली है। ग्राम छुई निवासी देवेंद्र कुमार सिरसाम वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुनवारा में भृत्य के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे भीमगढ़ विद्यालय में पदस्थ थे जहां उन्हें निलंबित किया गया था। बहाली के बाद उनकी 14 माह की निलंबन अवधि का लगभग 165000 रुपये का जीवन निर्वाह भत्ता बकाया था। इस राशि के भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर विकासखंड अधिकारी कार्यालय धनौरा में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 अरुण कुमार कुमरे ने अवैध राशि की मांग की थी। आरोपी ने इस काम के बदले 32000 रुपये मांगे थे।

​जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ दबोचा

​भृत्य देवेंद्र कुमार सिरसाम ने इस मांग की शिकायत पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर से की थी। शिकायत की जांच और सत्यापन के दौरान आरोपी अरुण कुमार कुमरे 25000 रुपये लेने पर सहमत हुआ। तय योजना के अनुसार 13/5/2026 को लोकायुक्त की टीम ने धनौरा कार्यालय में दबिश दी। जैसे ही आरोपी ने आवेदक से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10000 रुपये लिए लोकायुक्त दल ने उसे पकड़ लिया। इस कार्यवाही में निरीक्षक जितेंद्र यादव और निरीक्षक बृज मोहन नरवरिया सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak