जबलपुर। बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। घटना में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों की हर संभव सहायता के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कर्मचारियों की सेवा समाप्त
हादसे की जांच के बाद क्रूज संचालन से जुड़े 3 कर्मियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इनमें क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र शामिल हैं। इन सभी पर घटना के समय बरती गई लापरवाही के आरोप सिद्ध हुए हैं।
अधिकारियों पर भी गिरी गाज
लापरवाही के मामले में बड़े अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। शासन ने पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों को त्वरित राहत देने का आश्वासन दिया है।
