जबलपुर/डिंडौरी। डिंडौरी में आज दोपहर 3.30 बजे के लगभग जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाड़ासरई क्षेत्र के रतना गांव के पास कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में मां और बेटे की मौत हो गई। वहीं चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार किशन लाल साहू उम्र 29 वर्ष अपनी मां प्यारी बाई 72 वर्ष व भाभी गायत्री साहू 35 वर्ष के साथ मंडला से इलाज कराकर अपने घर गोरखपुर जाने के लिए आर्टिका कार से रवाना हुए। जब वह डिंडौरी से 6 किलोमीटर दूर रतना गांव से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान अमरकंटक की ओर से आ रही पिकअप वाहन ने सामने से कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पिकअप वाहन पलट गया। दोनों वाहनों के टायर तक निकलकर सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना होते देख राह चलते लोग रुक गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार सवारों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद किशनलाल साहू व उनकी मां प्यारी बाई को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं भाभी गायत्री साहू व चालक की हालत को देखते हुए भरती कर लिया। घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को के्रन की मदद से हटवाया, इसके बाद यातायात शुरु हो सका।