khabar abhi tak

जबलपुर खेल परिसर में विवाद, कोच के खिलाफ लामबंद हुए संचालक

कलेक्टर और क्षेत्रीय विधायक को भी भेजी गई शिकायत

जबलपुर। जबलपुर के रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्थित रानीताल बल्ली क्रिकेट एकेडमी के कोच पर गंभीर आरोप लगे हैं। खेल विभाग के अधिकारियों को सौंपे गए एक पत्र में अन्य एकेडमी संचालकों ने कोच बल्ली सोनकर के विरुद्ध सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया है। शिकायत में बताया गया है कि एकेडमी संचालक द्वारा खेल परिसर की सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ की जा रही है और उसे हड़पने की नीयत से नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इन घटनाओं के साक्ष्य परिसर में लगे सरकारी कैमरों में भी कैद होने का दावा किया गया है।

​संचालकों को दी जान से मारने की धमकी

​शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पिछले 12 से 15 वर्षों से यहां संचालित अन्य क्रिकेट एकेडमियों के संचालकों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आरोप है कि खेल गतिविधियों में व्यवधान डालने के उद्देश्य से सरकारी अधिकारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की जाती है। खेल जगत से जुड़े इन लोगों ने मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों को खेल परिसर से दूर रखा जाए ताकि खिलाड़ी सुरक्षित माहौल में अभ्यास कर सकें।

​जांच के बाद उचित कार्रवाई की मांग

​एमएच क्रिकेट एकेडमी, जेपी क्रिकेट एकेडमी और जाबाली क्रिकेट एकेडमी के संचालकों ने सामूहिक रूप से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस शिकायत की प्रतिलिपि लोक निर्माण मंत्री क्षेत्र पश्चिम जबलपुर, खेल मंत्री मध्य प्रदेश शासन भोपाल, क्षेत्रीय विधायक उत्तर मध्य जबलपुर, संभागीय अधिकारी और कलेक्टर जबलपुर को भी भेजी गई है। सभी संचालकों ने एक स्वर में मांग की है कि मामले की छानबीन कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak