khabar abhi tak

एमपी : एक ही गमछे में बंधे मिले पिता-दो बच्चों के शव, कुएं में उतरा रहे थे

बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट के कटंगी थाना क्षेत्र के जरामोहगांव में बुधवार 13 मई को एक पिता और उसके दो बच्चों के शव कुएं में मिले। दोनों बच्चों के शव पिता के शरीर से गमछे में बंधे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

जरामोहगांव निवासी श्याम नागेन्द्र पुत्र भागवत एलआईसी एजेंट था। मृतकों में उसका बेटा वंश (5) और बेटी भूरि (3) भी शामिल हैं। श्याम मंगलवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच अपने दोनों बच्चों के साथ घर से निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन को चिंता हुई। गांव में दो शादियां होने के कारण उन्हें लगा कि वह बच्चों को लेकर शादी में गया होगा।

बाइक मिली, कुएं में तैरते मिले तीनों के शव

काफी समय होने के बाद परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में पट मैदान के पास उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर बिना मुंडेर वाले कुएं के पास श्याम की चप्पलें मिलीं। बुधवार को उसी कुएं में तीनों के शव मिले।

कुएं से बाहर निकाले गए शव

घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खाट के सहारे श्याम, वंश और भूरि के शव कुएं से बाहर निकाले। बच्चों के शव गमछे से बंधे हुए थे। जानकारी के मुताबिक श्याम पहले सहारा बैंक में कंप्यूटर ऑपरेटर था। कंपनी के बंद होने के बाद वह एलआईसी एजेंट बन गया था। बच्चों के साथ आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

इंस्टा पर स्टोरी लगाई- जीने की आरजू नहीं

मृतक की इंस्टा स्टोरी पर 'जीने की आरजू नहीं' लिखा होने की बात सामने आई है। उसने एक दर्दभरा वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें लिखा था- 'नहीं है जिंदा रहने की आरजू, नहीं चाहिए कोई वादा या रिश्ता।' पुलिस तीनों की मौत की हर एंगल से जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि श्याम को आत्महत्या करनी थी तो वह अकेले करता, बच्चों का क्या दोष था। पुलिस ने तीनों शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए कटंगी अस्पताल भेज दिए हैं।

जांच के बाद वजह पता चलेगी

एसडीओपी विकाससिंह ने बताया कि कुएं से पिता और उसके दोनों बच्चों के शव बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिए गए हैं। पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak