khabar abhi tak

महिला को माताराम कहकर लूट लिया,रोते हुए थाने पहुंची



जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ दो शातिर बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की ममता और सरलता का फायदा उठाकर उन्हें लूट का शिकार बनाया। आरोपियों ने पहले महिला को अपने विश्वास में लिया और फिर सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

​धोखाधड़ी से जाल में फंसाया

​ग्राम सूखा हवा चौधरी मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय रूकिया बाई चौधरी सुबह 11 बजे घर से बिजली का बिल भरने निकली थीं। वह करमेता स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचीं और वहां बिल जमा करने के बाद वापस घर जाने के लिए मुख्य सड़क पर ऑटो का इंतजार करने लगीं। इसी समय मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास रुके। उन्होंने महिला को झांसा देते हुए कहा कि उनकी मां उन्हें बुला रही है। युवकों ने खुद को उनका परिचित बताया और महिला को मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। पीड़िता उनकी बातों में आकर बाइक पर बैठ गईं। आरोपी उन्हें शहर की भीड़भाड़ से दूर एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां पहुंचते ही युवकों ने अपना असली रूप दिखाया और बुजुर्ग महिला को डरा-धमकाकर उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवर और नकदी छीन ली। लूट को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से रफूचक्कर हो गए। बदहवास हालत में पीड़िता ने माढ़ोताल थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak