khabar abhi tak

पुलिस आरक्षक को दोस्त ने ही कनपटी में गोली मारकर की हत्या, छुट्टी लेकर गांव आया था सिपाही

रीवा. रीवा के समान थाना क्षेत्र के गड़रिया मोहल्ले में रविवार 17 मई की देर रात एक कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ आरक्षक राकेश कुमार पटेल (35) को उनके दोस्त ने शराब पार्टी में बुलाया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और राकेश ने कनपटी पर गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

आरक्षक राकेश पटेल के 10 साल के बेटे की तबीयत खराब थी, जिसके चलते वे विभाग से छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। रविवार रात वे परिजन से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वे पड़ोस में रहने वाले दोस्त राकेश तिवारी के घर पहुंचे, जहां दोनों ने शराब पार्टी की।

विवाद के बाद मारी गोली

पार्टी के दौरान किसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढऩे पर राकेश तिवारी ने पिस्टल से आरक्षक की कनपटी पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी के परिजन घायल आरक्षक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

समय पर मिलता इलाज तो बच जाती जान

घटना के बाद मृतक पुलिसकर्मी के घर में मातम है। मृतक की पत्नी और पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के मामा हरदीप कुमार पटेल ने कहा, राकेश को घर से बुलाकर ले जाया गया था। बाद में हमें सूचना मिली कि उसे गोली मार दी गई है। अगर समय पर इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। परिवार चाहता है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।

लंबे समय से अच्छे दोस्त

आरोपी राकेश तिवारी और मृतक राकेश पटेल बचपन के दोस्त नहीं थे, लेकिन दोनों लंबे समय से अच्छे दोस्त थे। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। दोनों के बीच विवाद किस बात पर हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल अवैध थी। आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट के मामले दर्ज हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होगी : एसपी

रीवा एसपी गुरुकरण सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। समान थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया, मामले में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak