महाकोशल कॉलेज के विद्यार्थियों ने सीखे सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन के तरीके
जबलपुर। शासकीय महाकोशल स्वशासी अग्रणी महाविद्यालय में संचालित स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के तहत मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत रहने और जीवन में संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मनोवैज्ञानिक साक्षी श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में बढ़ते कार्यभार, कड़ी प्रतिस्पर्धा, सामाजिक दबाव और डिजिटल जीवनशैली के कारण युवाओं में मानसिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना उतना ही जरूरी है जितना कि शारीरिक स्वास्थ्य पर। शरीर को तंदुरुस्त रखने के लिए जिस तरह पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम की जरूरत होती है, ठीक उसी तरह मन को सेहतमंद रखने के लिए सकारात्मक सोच, संतुलित दिनचर्या और भावनात्मक शांति की आवश्यकता पड़ती है। मानसिक स्वास्थ्य का मतलब केवल किसी बीमारी का न होना नहीं है, बल्कि यह खुशहाल, आत्मविश्वासी और संतुलित जीवन जीने की एक कला है।
जब मन स्वस्थ तब तन स्वस्थ
इस दौरान स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के जबलपुर संभागीय नोडल अधिकारी प्रो. अरुण शुक्ल ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ मन ही असल में स्वस्थ जीवन की असली पहचान है। समाज के हर वर्ग को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह जागरूक होना चाहिए और दूसरों को भी इस विषय का महत्व समझाना चाहिए। एक सजग और जागरूक समाज ही आगे चलकर एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. ए. सी. तिवारी सहित कुल 42 विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस व्याख्यान से मिले सुझावों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

