जबलपुर। जबलपुर संभाग में उच्च शिक्षा के नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉक्टर पंजाबराव चंदेलकर ने आज प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल महाविद्यालय जबलपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में बनाए गए प्रवेश सहायता केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया।
सुविधाओं और तैयारियों का लिया गया जायजा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्शन और कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्थाओं को परखा। महाविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दस्तावेजों के सत्यापन के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है। विद्यार्थियों को प्रवेश के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए काउंसलिंग समिति लगातार मार्गदर्शन दे रही है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर अलकेश चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे।
छात्रों को मिल रहा मार्गदर्शन और परामर्श
कॉलेज चलो अभियान के नोडल अधिकारी प्रोफेसर अरुण शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि नया प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन तरीके से सही विषय चुनने और भविष्य के करियर को लेकर सलाह दी जा रही है। यह पूरी प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह से नि:शुल्क है, ताकि उन्हें किसी आर्थिक भार का सामना न करना पड़े।
12 बजे से 4 बजे तक चलेगी काउंसलिंग
करियर काउंसलिंग की सुविधा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेगी। विद्यार्थी मोबाइल और ईमेल के माध्यम से भी अपने सवाल पूछ सकते हैं। ऑफलाइन काउंसलिंग के लिए छात्र कार्यदिवस में संभागीय कार्यालय, स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना, उच्च शिक्षा विभाग, जबलपुर संभाग, जबलपुर में पहुंचकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। यह कार्यालय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल महाविद्यालय जबलपुर में स्थित है। इस निरीक्षण और व्यवस्था के दौरान डॉक्टर शैलेंद्र भवदिया,डॉक्टर अजय गुप्ता, महाविद्यालय प्रवेश समन्वयक डॉक्टर रामेश्वर झारिया, और डॉक्टर नीलिमा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
