सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढऩ स्थित सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ एक बाबू को रीवा लोकायुक्त टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार 29 मई की दोपहर करीब तीन बजे की गई। आरोपी बाबू मुन्नालाल वर्मा पर एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से इंक्रीमेंट और वेतन वृद्धि की प्रक्रिया पूरी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।
देवसर परियोजना कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी श्रवण कुमार तिवारी ने 25 मई को रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बाबू ने काम कराने के लिए 7 हजार रुपये की मांग की है। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
5 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ाया
योजना के तहत शुक्रवार को शिकायतकर्ता ने आरोपी को पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये दिए। जैसे ही बाबू ने यह राशि ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने मौके पर जरूरी दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
