khabar abhi tak

एमपी : प्रदेश कांग्रेस का 7 जिलों में हाईवे जाम, एनएच-44 पर थमा ट्रैफिक, किसानों के मुआवजे और गेहूं खरीदी को लेकर प्रदर्शन

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी सहित सात जिलों में कांग्रेस ने गुरुवार को किसानों के मुद्दों को लेकर आंदोलन किया। पार्टी ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुरैना जिले के बानमोर थाना क्षेत्र स्थित निरावली तिराहा पर सुबह 11 बजे से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे। शुरुआत में प्रदर्शन सांकेतिक नजर आया, लेकिन भीड़ बढऩे के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता हाईवे की दोनों लेन पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

कांग्रेस नेताओं ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में किसानों को हो रही परेशानियों और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित जमीनों का चार गुना मुआवजा देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते मुरैना, भिंड और ग्वालियर की ओर आने-जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित हो गया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस शाम चार बजे तक चक्काजाम जारी रखने की तैयारी में है।

आंदोलन में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, सुरेंद्र यादव, प्रभुदयाल जौहरे, विधाक डा. सतीश सिंह सिकरवार, विधायक साहब सिंह गुर्जर, सुरेश राजे. प्रवीण पाठक सहित मुरैना, भिंड और ग्वालियर क्षेत्र के कई विधायक और पदाधिकारी शामिल रहे। आंदोलन करीब ढाई घंटे चला और एक बजे के बाद 200 कांग्रेसियों ने गिरफ्तारियां दी और इसके बाद जाम खोल दिया गया।

शिवपुरी में भी चक्काजाम

शिवपुरी में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एबी रोड स्थित पड़ौरा पटेल चौक पर चक्काजाम किया। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, लाखन सिंह यादव और फूलसिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए पार्टी के झंडे लहराए। चक्काजाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak