मुंबई. महाराष्ट्र के सांगली जिले में मरुगुदेवी मंदिर परिसर में एक बड़ा हादसा हो गया. जत तहसील के मोथेवाड़ी गांव में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मंदिर की दीवार और टिन की छत गिर गई, जिसकी चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में 14 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, मृतकों में तीन स्थानीय निवासी हैं और अन्य पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बीजापुर के रहने वाले थे.
बारिश से बचने के लिए लिया था सहारा
घटना मंगलवार देर शाम की है, उस समय मंदिर में मरुगुबाई देवी यात्रा चल रही थी, जिसके कारण वहां भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. शाम के समय अचानक शुरू हुई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से बचने के लिए कई लोग मंदिर की एक दीवार और टिन शेड के नीचे खड़े हो गए थे. हवा का दबाव इतना अधिक था कि ढांचा इसे सहन नहीं कर पाया और अचानक ढह गया. मलबे में दबने के कारण घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई.
स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी ने बताया कि उस समय परिसर में लगभग 350 श्रद्धालु मौजूद थे. पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया है. फिलहाल बचाव कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन घायलों में से कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ङ्ग पर लिखा, महाराष्ट्र के सांगली में दीवार गिरने से हुई जनहानि के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ है. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
