khabar abhi tak

एमपी : 42 दूल्हों के साथ धोखाधड़ी, बारात लेकर पहुंचे, नहीं मिली एक भी दुल्हन और उनके परिजन, मचा हंगामा

देवास. मध्य प्रदेश के देवास में शादी के नाम पर एक-दो नहीं बल्कि 42 दूल्हों के साथ धोखाधड़ी की वारदात हुई. ये सारे दूल्हे देवास और आसपास के जिलों के रहने वाले हैं. देवास के क्लब ग्राउंड में 42 दूल्हे सेहरा बांधकर दुल्हनों का इंतजार करते रहे, लेकिन मौके पर एक भी दुल्हन नहीं पहुंची और न ही उनके परिजन या रिश्तेदार. सभी दूल्हों से 15 से 25 हजार रुपये लिए गए थे. सभी को मोबाइल पर लड़कियों की फोटो भी दिखाई गईं थीं.

अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी का झांसा

सारे युवक दूल्हा बनकर सुबह से इंतजार करते रहे लेकिन घंटों बाद भी एक भी दुल्हन नहीं पहुंची. ठगी का शिकार हुए दूल्हों ने आरोप लगाया कि विदिशा के एक युवक ने इंदौर के अनाथ आश्रम से लड़कियां लाकर शादी कराने का झांसा दिया और लाखों रुपए वसूल लिए. जब दुल्हनें नहीं पहुंचीं तो मौके पर हंगामा मच गया. पीडि़तों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. यह घटना शनिवार 24 मई की है, देर रात तक हंगामा मचा रहा.

सामूहिक विवाह समारोह कराने का किया था वादा

देवास के क्लब ग्राउंड में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शादी करने के लिए एक के बाद एक 42 दूल्हे बारात लेकर पहुंचे. देर रात तक कोई दुल्हन नहीं आई. पीडि़तों का आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उनके साथ ठगी हुई, उनकी भावनाओं से खिलवाड़ किया गया. बिचौलिए ने झांसा दिया था कि इंदौर के अनाथ आश्रम से लड़कियां लाकर सामूहिक शादी कराई जाएगी. बिचौलिये ने देवास के आसपास के जिलों के युवकों को शादी के नाम पर फंसाया.

पुलिस कर रही जांच, आरोपियों की तलाश

देवास की बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया मामला शादी के नाम पर ठगी का है. मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि उस आश्रम संचालक से भी बात की जाएगी, जिसके नाम पर झांसा दिया गया. ये मामला लुटेरी दुल्हन का नहीं बल्कि शादी के नाम पर धोखा देकर ठगने का है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak